उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चार मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी 12 स्थानों पर मुख्य मुकाबले में है।
नगर में सभी चारों प्रमुख दलों भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा ने निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार उतारे हैं। निकाय चुनावों में बसपा की बागड़ोर धाकड़ मुस्लिम नेता इमरान मसूद के हाथों में है। विधानसभा चुनाव में वह सपा में थे जिसका फायदा सपा को सहारनपुर और बेहट में अपने दो मुस्लिम नौजवान विधायकों क्रमशः उमर अली और आशु मलिक को बनवाने में मिला। सांसद फजलुर्रहमान बसपा में इमरान मसूद की मौजूदगी से पृष्ठभूमि में चले गए हैं।
बेहट के सपा विधायक उमर अली मौजूदा पालिका अध्यक्ष अब्दुल रहमान कुरैशी का समर्थन कर रहे हैं। जिन्हें दलित नेता चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर रखा हैं। यहां कांग्रेस से आए पूर्व विधायक नरेश सैनी ने अपने करीबी संजीव कर्णवाल को भाजपा उम्मीदवार बनवाया है। यहां पूर्व चेयरमैन शाह महमूद ने चुनाव मैदान में होने के बावजूद अपना समर्थन भाजपा को दे दिया हैं। बेहट नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के आठ उम्मीदवारों में से भाजपा के संजीव कर्णवाल अकेले हिंदू उम्मीदवार हैं।
सबसे दिलचस्प चुनाव नगर निगम सहारनपुर में मेयर पद के प्रत्याशी के लिए हो रहा है। जहां भाजपा के लिए अपनी पिछले चुनाव में जीती सीट बचाने की चुनौती हैं। नए उम्मीदवार प्रतिष्ठित चिकित्सक डा. अजय सिंह मुख्य मुकाबले में शामिल हैं। उन्हें बसपा नेता इमरान मसूद के भाई शाजान मसूद की पत्नी खदीजा मसूद पुत्रवधु पूर्व केंद्रीय मंत्री रशीद मसूद से तगड़ी चुनौती मिल रही है। सपा सहारनपुर देहात के विधायक आशु मलिक के छोटे भाई गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी नूर हसन मलिक और कांग्रेस के नए उम्मीदवार अधिवक्ता प्रदीप वर्मा और आम आदमी पार्टी के सहदेव सिंह भी मैदान में हैं।
भाजपा के वरिष्ठ वैश्य बिरादरी के नेता सुनील गुप्ता और पार्टी प्रवक्ता गौरव गर्ग कहते हैं कि सपा की मौजूदगी उनके लिए फायदेमंद साबित होगी। भाजपा की जीत का अंतर पिछले चुनाव में मात्र दो हजार था जो अबकी बढ़ सकता है। पूर्व मेयर संजीव वालिया, भाजपा नेता सुरेन्द्र शर्मा और विधायक राजीव गुंबर भाजपा की जीत के प्रति आश्वस्त हैं।
‘जिन्हें झारखंडी तक नहीं आती वे हमारे भाग्य विधाता बनना चाहते हैं’, कल्पना सोरेन का हिमंत सरमा और शिवराज पर बड़ा हमला
गुमला गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सम्मान यात्रा के क्रम में सोमवार को गुमला जिले के सिसई में जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने हिमंत बिस्वा सरमा…