पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के मोयना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ समिति के अध्यक्ष विजय कृष्ण भुइया के अपहरण और उसकी हत्या के मामले में बुधवार रात एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम मिलन भौमिक है और वह बक्चा में कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस पंचायत समिति का सदस्य है। भाैमिक को कल रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। हत्या में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस मामले में 34 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
इस बीच, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने विजय कृष्ण भुइया के शव का दूसरा पोस्टमार्टम करने का आदेश दिया। न्यायाधीश राजशेखर मंथा ने शहर में सैन्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के निर्देश दिया है।
भाजपा ने इस हत्या के विरोध में कल मोयना में 12 घंटा बंद आहुत किया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले की केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।
मोयना में कल बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जबरन सड़कें जाम कर बंद का समर्थन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए हल्का लाठी चार्ज भी किया।
श्री अधिकारी ने ट्वीट किया कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इसमें कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों की पूरी अवहेलना की गई है।
उन्होंने कहा कि हमले में घायल भाजपा कांथी संगठन जिले के उपाध्यक्ष और शिक्षक श्री मोहनलाल शी को प्राथमिक चिकित्सा सहायता के बिना ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक को भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने के लिए नागरिक स्वयंसेवकों का उपयोग करने के लिए ओसी, पताशपुर के खिलाफ तत्काल कदम उठाने चाहिए और ऐसा न करने पर मुझे न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए विवश होना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि मोयना के भाजपा बूथ अध्यक्ष विजय कृष्ण भुइया को सोमवार को तृणमूल के कुछ गुंडों ने उनकी पत्नी के सामने बहुत मारा और फिर मोटरसाइकिल पर बैठाकर उन्हें घर से दूर लेकर गए। इसके बाद गुडों ने उनकी हत्या कर दी।
‘जिन्हें झारखंडी तक नहीं आती वे हमारे भाग्य विधाता बनना चाहते हैं’, कल्पना सोरेन का हिमंत सरमा और शिवराज पर बड़ा हमला
गुमला गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सम्मान यात्रा के क्रम में सोमवार को गुमला जिले के सिसई में जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने हिमंत बिस्वा सरमा…